पारिवारिक कलह के चलते युवक ने की आत्महत्या, घर में पंखे से लटका मिला शव

Share the news

रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के गोविंद नगर, आवास विकास वार्ड संख्या 37 में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां 32 वर्षीय युवक ने कथित रूप से फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान समीर सरकार पुत्र तपन सरकार के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 1 मई 2026 की है। समीर अपने घर में अकेले रह रहा था। दोपहर के समय जब वह भोजन के लिए अपने माता-पिता के घर नहीं पहुंचा, तो उसकी मां सुन्दरी सरकार को चिंता हुई। उन्होंने फोन किया, लेकिन फोन बंद मिला। अनहोनी की आशंका के चलते छोटे बेटे देव सरकार को समीर के कमरे पर भेजा गया। दरवाजा खोलने पर समीर का शव छत के पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला, जिसे देखकर परिजन स्तब्ध रह गए।

प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि समीर और उसकी पत्नी सुमित्रा के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। होली के बाद से उसकी पत्नी अपने 5 वर्षीय पुत्र दिव्यांश के साथ मायके, हस्तिनापुर (मेरठ) में रह रही थी। पत्नी के अलग रहने के कारण समीर मानसिक तनाव में था और परिवार से अलग अकेले रह रहा था।

सूचना पर उपनिरीक्षक महेश काण्डपाल, मनोज जलाल एवं कांस्टेबल चन्दन सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। समीर अपने पिता के साथ सब्जी मंडी में चाय की दुकान चलाता था।

पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समीर मेहनती और शांत स्वभाव का युवक था, लेकिन पारिवारिक विवाद ने उसे इस दर्दनाक कदम तक पहुंचा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *