शहर के सिविल लाइन क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी, उसके कथित प्रेमी और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्यायालय की शरण ली है। डॉक्टर कॉलोनी निवासी कावेन्द्र ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रार्थना पत्र दाखिल कर न्याय की गुहार लगाई है।
प्रार्थी के अनुसार, उसका विवाह वर्ष 2015 में राजकुमारी उर्फ रजनी के साथ हुआ था, जिससे उनका एक पुत्र आयुष है। कावेन्द्र का आरोप है कि उसकी पत्नी ने अपने पूर्व विवाह की जानकारी छिपाकर उससे शादी की और बाद में एक किराएदार युवक पंकज अधिकारी के साथ उसके संबंध बन गए। जब उसने इसका विरोध किया, तो उसे मारपीट कर चुप रहने की धमकी दी गई।
मामले ने उस समय गंभीर मोड़ ले लिया जब 13 सितंबर 2025 को कावेन्द्र के काम पर जाने के दौरान उसकी पत्नी कथित प्रेमी के साथ उसके नाबालिग बेटे को लेकर घर से चली गई। आरोप है कि जाते समय दोनों करीब एक लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात भी साथ ले गए।
कावेन्द्र ने यह भी दावा किया है कि उसके बेटे के साथ अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है और उसकी जान को खतरा है। उसने ससुराल पक्ष पर भी गाली-गलौज, मारपीट और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पीड़ित का कहना है कि उसने अपनी पत्नी के नाम पर संपत्ति भी कराई थी और हर संभव सुविधा देने की कोशिश की, लेकिन इसके बावजूद उसे मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी।
कावेन्द्र के मुताबिक, उसने पहले थाना रुद्रपुर और फिर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इससे आहत होकर उसने अब न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है।
प्रार्थी ने अदालत से मांग की है कि मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच के आदेश दिए जाएं, ताकि उसे और उसके बेटे को न्याय मिल सके। वहीं, इस मामले ने क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।




