हरिद्वार जनपद के लक्सर क्षेत्र में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब परीक्षा देकर स्कूल से बाहर निकले एक छात्र पर घात लगाकर बैठे युवकों ने फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि छात्र इस हमले में बाल-बाल बच गया, हालांकि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बसेड़ी रोड स्थित एक स्कूल में पढ़ने वाले दो छात्र परीक्षा देकर बाहर निकले थे। इसी दौरान पहले से मौके पर मौजूद करीब आधा दर्जन युवकों ने एक छात्र को निशाना बनाते हुए तमंचे से फायर झोंक दिया। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फायरिंग के बाद हमलावरों ने छात्र के साथ मारपीट भी की।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे, जिसे देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही है। पीड़ित छात्र के पिता ने बताया कि करीब छह महीने पहले सीट पर बैठने को लेकर छात्रों के बीच विवाद हुआ था, जिसे उस समय सुलझा लिया गया था, लेकिन उसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि लक्सर क्षेत्र में इससे पहले भी छात्र विवादों को लेकर गोलीकांड की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।




