अटरिया मोड़ पर सीमेंट ट्राला और खनन ट्रक में भीषण भिड़ंत, चालक गंभीर

Share the news

रुद्रपुर। सोमवार देर रात हल्द्वानी मार्ग स्थित अटरिया मोड़ के पास सीमेंट से भरे ट्राला और खनन सामग्री लदे ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ट्राला चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्राला संख्या एचआर 18 एफ 2816 रुद्रपुर की ओर से सैकड़ों सीमेंट कट्टे लेकर अटरिया रोड की तरफ मुड़ रहा था। इसी दौरान हल्द्वानी की दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक संख्या यूपी 38 टी 3835 ने ट्राला को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्राला चालक स्टेयरिंग में बुरी तरह फंस गया। हेल्पर को मामूली चोटें आईं।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने घायल चालक को वाहन से बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

दुर्घटना के कारण हल्द्वानी मार्ग पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने यातायात सुचारु कर नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *