निलंबन की कार्रवाई से प्रशासन में हड़कंप, डीएम भदौरिया सख्त — राजस्व वसूली में लापरवाही पर संग्रह अमीन निलंबित, पॉक्सो मामलों की समीक्षा के निर्देश

Share the news

जिले में राजस्व वसूली में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने मासिक स्टाफ बैठक के दौरान बड़ी कार्रवाई की। गदरपुर के संग्रह अमीन सुरज सिंह बिष्ट को लंबे समय से अनुपस्थित रहने और कम राजस्व वसूली के आरोप में निलंबित कर दिया गया। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने लम्बित वादों के त्वरित निस्तारण, शत-प्रतिशत राजस्व वसूली और कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के सख्त निर्देश अधिकारियों को दिए। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जिला सभागार में मासिक स्टाफ बैठक लेते हुए लम्बित वादों के त्वरित निस्तारण और शत-प्रतिशत राजस्व वसूली के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने उप जिलाधिकारियों को नियमित कोर्ट लगाकर पुराने वादों को प्राथमिकता से निपटाने को कहा।

राजस्व वसूली में लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने संग्रह अमीन गदरपुर सुरज सिंह बिष्ट को निलंबित कर तहसील काशीपुर से संबद्ध किया, जबकि कमला जोशी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई। बेहतर कार्य करने वाले संग्रह अमीनों को सम्मानित करने के भी निर्देश दिए गए।

कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने 13 पॉक्सो मामलों में से 12 में बरी होने को गंभीरता से लेते हुए अभियोजन की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने अपर जिलाधिकारी को पूरे मामले की समीक्षा कर अभियोजन व विवेचना की कमियों की चेकलिस्ट तैयार करने के निर्देश दिए ताकि भविष्य में अपराधी तकनीकी आधार पर छूट न पाएं।

अवैध खनन, कच्ची शराब, ओवरलोड वाहनों और अन्य प्रदेशों के टुक-टुक वाहनों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही वर्षाकाल से पहले आवश्यक स्थानों पर रिवर ड्रेजिंग कराने के आदेश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन, जन समर्पण पोर्टल, पेंशन प्रकरणों, ऑडिट आपत्तियों व न्यायालयीन मामलों की समयबद्ध रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने और शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद करने पर जोर दिया।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी, अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, अभियोजन, परिवहन, पूर्ति विभाग सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *