रुद्रपुर शोभायात्रा में हादसा: बालाजी महोत्सव के दौरान जनरेटर की चपेट में आया तासा वादक मोनू, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

Share the news

रुद्रपुर से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां शोभा यात्रा के दौरान हुए हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मोनू पुत्र — निवासी चंदौसी, जिला मुरादाबाद के रूप में हुई है। यह हादसा शनिवार को उस समय हुआ, जब श्री सिद्धेश्वर बालाजी मंदिर धाम की ओर से बालाजी महोत्सव की पूर्व संध्या पर शहर में भव्य शोभा यात्रा निकाली जा रही थी।

जानकारी के अनुसार शोभा यात्रा डीडी चौक से होते हुए गांधी पार्क की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान मोनू तासा बजाते हुए चल रहा था। बताया जा रहा है कि अचानक वह शोभा यात्रा में चल रहे जनरेटर के स्टार्ट करने वाले हत्थे की चपेट में आ गया। जनरेटर के घूमते हिस्से में फंसने से मोनू कई बार हवा में उछलकर सड़क पर गिर पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत जनरेटर बंद कराया और मोनू को बचाने का प्रयास किया। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत की खबर मिलते ही शोभा यात्रा में शामिल उसके साथी और श्रद्धालु गहरे सदमे में आ गए। घटना के बाद पूरे माहौल में शोक और मायूसी छा गई। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *