रुद्रपुर में दुकान पर हमला, नाबालिग पर कृपाण से वार, दहशत का माहौल

Share the news

रुद्रपुर। इंदिरा कॉलोनी रामलीला मैदान के पास स्थित एक दुकान पर दिनदहाड़े हुए हमले से इलाके में सनसनी फैल गई। पीड़ित दुकानदार ने थाना रुद्रपुर में तहरीर देकर बताया कि 20 दिसंबर 2025 को करीब साढ़े चार बजे उसकी दुकान पर उसका छोटा बेटा आर्यन सिंह बैठा हुआ था। इसी दौरान हैरी खैरा नामक युवक अपने दो अन्य साथियों के साथ दुकान पर पहुंचा और आर्यन के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी।

आरोप है कि विवाद के दौरान हमलावरों ने आर्यन सिंह के सिर पर कृपाण से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और लहूलुहान होकर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित पक्ष ने इस घटना में हर्षद्वीप की भी अहम भूमिका बताई है।

घटना के बाद घायल आर्यन को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है। वहीं, इस घटना से क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाली रुद्रपुर पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *