रुद्रपुर, संवाददाता। नैनीताल घूमकर लौट रही एक महिला शनिवार को चलती ट्रेन से धक्का दिए जाने के बाद रेलवे ट्रैक पर गंभीर रूप से घायल मिली। घायल अवस्था में पड़ी महिला को देखकर राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना एंबुलेंस 108 और पुलिस को दी। एंबुलेंस कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना शनिवार करीब साढ़े 11 बजे हल्दी-छतरपुर के बीच रेलवे ट्रैक पर सामने आई। पुलिस के अनुसार ट्रैक किनारे अर्द्ध-बेहोशी में मिली महिला ने अपना नाम फरजाना बताया। उसने बताया कि उसके पति मोहम्मद अली का छह महीने पहले निधन हो चुका है और वह कुछ दिन पहले अपने परिचित नन्हे के साथ नैनीताल घूमने गई थी। लौटते समय हल्द्वानी से ट्रेन में सवार होने के बाद रास्ते में नन्हे ने उसे चलती ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि नन्हे उसका बैग और उसमें रखे रुपये लेकर फरार हो गया। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश में जुट गई है और आसपास के रेलवे ट्रैक क्षेत्र में सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।



