पूर्व जिला पंचायत सदस्य की कारस्तानी देख पुलिस भी हैरान, विपक्षी को फंसाने के लिए अपनी ही फर्जी हत्या-फायरिंग की बना डाली योजना

Share the news

हरिद्वार में पूर्व जिला पंचायत सदस्य की फर्जी हत्या साजिश फेल, 6 गिरफ्तार

 

हरिद्वार। बहादराबाद थाना पुलिस ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य जाकिर पुत्र ताहिर समेत 6 अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ कि जाकिर ने विपक्षियों को फंसाने के लिए अपनी ही हत्या की 30 लाख रुपए की सुपारी देने की झूठी सूचना पुलिस को दी थी और अपनी ही कार पर फायरिंग करवाने की योजना भी बनाई थी।

 

पुलिस के मुताबिक, 12 अक्टूबर को जाकिर ने तहरीर दी कि उसके विपक्षी, जिनसे उसका जमीनी विवाद न्यायालय में विचाराधीन है, उसकी हत्या करवाने की सुपारी दे रहे हैं। हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर बहादराबाद थाना प्रभारी अंकुर शर्मा की टीम ने मामले की गहनता से जांच की।

 

जांच में पता चला कि जाकिर और विपक्षी पक्ष के बीच पिछले 3-4 साल से जमीनी विवाद चल रहा था। झूठा मुकदमा दर्ज कराने के लिए जाकिर ने आजम, उस्मान और सोहेल को 50 हजार रुपए का लालच देकर अपनी ही कार पर फायरिंग करवाने का षड्यंत्र रचा।

 

पूछताछ के दौरान सभी आरोपी आपस में आरोप-प्रत्यारोप करने लगे। पुलिस ने उन्हें धारा 170 के तहत हिरासत में लिया। जाकिर की लाइसेंसी पिस्टल, जिसका रिन्यूअल समाप्त हो चुका था, उसके भतीजे खालिक के पास से बरामद हुई। लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन पर जाकिर और खालिक के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है और पिस्टल का लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए भेजा जाएगा।

 

हरिद्वार पुलिस ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को फंसाने या झूठा मुकदमा दर्ज कराने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *