डाइवर्जन की समस्या पर भड़के लोग, समाधान नहीं हुआ तो बनाएंगे वैकल्पिक पुल

बाजपुर बेरिया रोड स्थित लेवड़ा नदी के डाइवर्जन से उत्पन्न हो रही गंभीर समस्याओं को लेकर क्षेत्र में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। डाइवर्जन पर आए दिन लगने वाले जाम से राहगीरों, स्कूली बच्चों, मरीजों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी को लेकर भाजपा नेता गौरव शर्मा ने कहा कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में प्रशासन से मांग की गई है और उम्मीद है कि जल्द ही यहां से आने-जाने वालों के लिए सुचारु व्यवस्था की जाएगी। जाम की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद शुक्रवार को एसडीएम अमृता शर्मा मौके पर निरीक्षण करने पहुंचीं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। एसडीएम ने कहा कि डाइवर्जन पर यातायात व्यवस्था सुधारने और जाम की समस्या खत्म करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।वहीं उत्तराखंड वाल्मीकि दलित
समाज सुधार संगठन के अध्यक्ष अनिल वाल्मीकि ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यदि लेवड़ा नदी के डाइवर्जन की समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो स्थानीय लोग स्वयं वैकल्पिक पुल बनाने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार फंड का रोना नहीं रो सकती, क्योंकि यह सीधी-सीधी जनसमस्या है और इसका समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए। निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठन के लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की। ताकि क्षेत्रवासियों को रोजाना की परेशानी से निजात मिल सके।





