शहर में 1800 वेंडरों को मिला पहचान पत्र, 20 बीघा जमीन कब्जामुक्त—मेयर गजराज सिंह की प्रेस वार्ता में कई बड़े ऐलान

Share the news

नगर निगम के विकास कार्यों और नगर क्षेत्र के संचालन को लेकर हल्द्वानी के मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने बुधवार को नगर निगम सभागार में प्रेस वार्ता की। उन्होंने बताया कि नगर निगम ने शहर में कार्यरत 1800 रेडी-ठेला संचालकों को प्रमाण पत्र जारी किए हैं। इससे शहर में ठेले व फड़ लगाने वालों की पहचान सुनिश्चित हुई है, जिससे अपराध नियंत्रण में मदद मिल रही है।

मेयर ने बताया कि नगर निगम ने बीते महीने एक विशेष अभियान चलाकर करीब 20 बीघा जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया है। निगम अब इस जमीन पर विकास योजनाओं के तहत काम करेगा। उन्होंने कहा कि वर्षों से नगर निगम की कई भूमि पर अवैध कब्जे थे, जिन्हें हटाकर निगम के अधीन ले लिया गया है।

इसके अलावा नगर निगम के अंतर्गत आने वाली करीब 600 दुकानों को नोटिस जारी किए गए हैं। इन दुकानदारों से दुकान नवीनीकरण शुल्क जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि नगर निगम की आय में इजाफा हो सके।

दमुवाढूंगा क्षेत्र के निवासियों की वर्षों पुरानी मांग को स्वीकार करते हुए अब नगर निगम ने वहां हाउस टैक्स वसूलने का फैसला लिया है। इससे स्थानीय लोगों को निगम की सुविधाएं मिलेंगी और नगर निगम को राजस्व भी मिलेगा।

मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर क्षेत्र में एडीबी, जल संस्थान और लोक निर्माण विभाग के जो भी निर्माण कार्य चल रहे हैं, उन्हें तेजी से पूर्ण कराने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है।

उन्होंने बताया कि आगामी 6 जून को कालूसाईं बाबा मंदिर को शिफ्ट किया जाएगा, जिसका विधिवत उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। इसके बाद मंदिर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा।

इसके साथ ही मेयर ने बताया कि मुख्यमंत्री धामी के प्रयासों से हल्द्वानी नगर क्षेत्र में पांच वॉटर टैंक का निर्माण प्रस्तावित है, जिससे शहर की पेयजल आपूर्ति को सुचारू करने में बड़ी मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *