नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट ने दस साल से चल रही प्रेम कहानी को अंजाम तक पहुंचाने का रास्ता खोल दिया है। उधम सिंह नगर के युवक और हरियाणा की युवती अब पुलिस सुरक्षा में विवाह बंधन में बंधेंगे। अदालत ने आदेश दिया है कि शादी से पहले और शादी के दौरान दोनों पक्षों को सुरक्षा मुहैया कराई जाए, ताकि किसी तरह का व्यवधान न हो।
मामले में प्रेमी युवक ने याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि उसकी प्रेमिका को परिजन नजरबंद किए हुए हैं। हाईकोर्ट ने आदेश पर युवती को हरियाणा पुलिस के जरिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पेश कराया। सुनवाई के दौरान युवती ने साफ कहा कि वह अपने प्रेमी से शादी करना चाहती है और परिवार भी अब इसके लिए राज़ी है।
कोर्ट ने युवती की मां से भी राय जानी, जिस पर उन्होंने कहा कि अब बेटी की खुशी ही उनकी खुशी है। अदालत ने निर्देश दिए कि शादी से एक दिन पहले दोनों पक्ष यमुनानगर थाने में उपस्थित होंगे और स्थानीय पुलिस उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद यह प्रेमी युगल अब पुलिस की सुरक्षा में सात फेरे लेकर अपने रिश्ते को नया मुकाम देगा।



