रुद्रपुर। 26 जून को शहर में प्रस्तावित वीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन ने व्यापक ट्रैफिक एवं पार्किंग व्यवस्था लागू की है। कार्यक्रम में शामिल होने वाले आमजन, कार्यकर्ताओं, अधिकारियों और पत्रकारों के वाहनों के लिए अलग-अलग रूट और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
जारी ट्रैफिक प्लान के अनुसार नैनीताल, हल्द्वानी और दिनेशपुर की ओर से आने वाली बसें व मैक्स वाहन सिडकुल क्षेत्र से डीडी चौक तक पहुंचकर यात्रियों को उतारने के बाद मोदी मैदान में पार्क किए जाएंगे। वहीं खटीमा, सितारगंज और किच्छा से आने वाले वाहन तीनपानी और महाराजा पैलेस मार्ग से होते हुए मोदी मैदान पहुंचेंगे। काशीपुर, बाजपुर और गदरपुर क्षेत्र से आने वाले वाहन गावा चौक और काशीपुर बाईपास मार्ग से अग्रसेन चौक के पास यात्रियों को उतारकर होमगार्ड्स मैदान में पार्क होंगे। रामपुर और बिलासपुर रोड की दिशा से आने वाले वाहन त्रिशूल चौक व रोडवेज क्षेत्र में यात्रियों को उतारने के बाद मोदी मैदान में खड़े किए जाएंगे।
व्यक्तिगत कार एवं दोपहिया वाहनों के लिए सिंचाई विभाग परिसर और आवश्यकता पड़ने पर वेंडिंग जोन के बाहर हाईवे किनारे पार्किंग की व्यवस्था की गई है। ड्यूटी पर तैनात पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों और पत्रकारों के वाहन न्यू ट्रैफिक लाइन में पार्क होंगे, जबकि वीआईपी वाहनों के लिए गांधी पार्क के बाहर विशेष पार्किंग निर्धारित की गई है। पुलिस ने लोगों से निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।



