रुद्रपुर। ग्राम सम्पतपुर निवासी मदनपाल ने अपने भाई अजय की हत्या के आरोप में तीन ग्रामीणों के खिलाफ न्यायालय में प्रार्थना पत्र दाखिल किया है। मामला न्यायालय श्रीमान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, ऊधमसिंह नगर में फौजदारी वाद संख्या 2025 के रूप में दर्ज हुआ है।
प्रार्थी मदनपाल ने बताया कि 3 जून 2025 की शाम को गांव के ही राजा, गोपी और धर्मा सिंह उनके भाई अजय को घर से बुलाकर ले गए थे। जब अजय देर रात तक वापस नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन सुबह गांव के पास झाड़ियों में अजय बेहोश और गंभीर रूप से घायल मिला। उसे रुद्रपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत बिगड़ने पर सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर किया गया। इलाज के दौरान अजय ने बताया कि तीनों ने उसे बुरी तरह पीटा और सिर पर वार किया। बाद में 9 जून को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मदनपाल का आरोप है कि मामले की तहरीर थाना रुद्रपुर में देने के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भी डाक से शिकायत भेजी गई, परंतु जांच शुरू नहीं हुई। न्याय न मिलने पर अब उन्होंने न्यायालय से मामले की रिपोर्ट दर्ज कराकर विवेचना कराने की गुहार लगाई है।


