रुद्रपुर। जनपद उधम सिंह नगर के थाना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र अंतर्गत मुड़िया चौराहे से आगे एक खाली प्लॉट के पास शुक्रवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार 26 दिसंबर 2025 को अपराह्न करीब 4:12 बजे वार्ड मेंबर पवन सिंह राणा द्वारा फोन के माध्यम से सूचना दी गई कि मुड़िया चौराहे के पास एक व्यक्ति मुंह के बल गिरा पड़ा है। सूचना पर थाना ट्रांजिट कैंप की फील्ड यूनिट और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर एक अज्ञात युवक का शव खेत के बगल से बहने वाले नाले की पुलिया के पास मिला, जिसकी ऊंचाई नाले से लगभग 10 फीट बताई जा रही है। शव मुंह के बल नाले में गिरा हुआ था और शरीर का अगला हिस्सा पानी में डूबा हुआ मिला।
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से युवक को बाहर निकाला गया, लेकिन जांच के दौरान उसके शरीर में कोई हरकत या सांस नहीं पाई गई। बाद में मृतक की पहचान दीपक सिंह निवासी गंगापुर लोहरी, थाना ट्रांजिट कैंप के रूप में हुई। मृतक के बड़े भाई ने शव की शिनाख्त करते हुए बताया कि मृतक संदीप पटेल (उम्र लगभग 22 वर्ष) नशे का आदी था और मिर्गी की बीमारी से पीड़ित था।
परिजनों ने बताया कि मृतक दोपहर करीब 3 बजे तक घर के पास ही मौजूद था। मृतक अविवाहित था और मूल रूप से इसी क्षेत्र का निवासी था। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को जिला चिकित्सालय रुद्रपुर भेज दिया है। एफएसएल टीम को भी सूचना दी गई है और घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। नजाकत के कारण पोस्टमार्टम की कार्रवाई अब बाद में की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



