रुद्रपुर। मुख्य बाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक युवक ने कुछ स्थानीय युवकों पर मारपीट, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार 16 फरवरी 2026 को युवक कांवड़ लेकर हरिद्वार से रुद्रपुर लौटा था। संजय नगर खेड़ा स्थित शिव मंदिर में दर्शन के दौरान भीड़ में कहासुनी हो गई। आरोप है कि कुछ युवकों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। बाद में दोस्तों की मदद से उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार हुआ। इस संबंध में उसने पुलिस ट्रांजिट कैंप में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पीड़ित का आरोप है कि 18 फरवरी को जब वह घर लौट रहा था, तब रास्ते में आरोपियों ने उसे रोक लिया और पहले दर्ज कराई गई रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बनाया। मना करने पर गाली-गलौज की गई, उसकी मोटरसाइकिल में तोड़फोड़ की गई और मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। साथ ही दोबारा शिकायत न लेने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
घटना के बाद युवक ने दोबारा पुलिस से सुरक्षा और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



