ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को प्रतिबंधित दवाओं के साथ गिरफ्तार किया है। मामला 5 अप्रैल 2026 की रात का है, जब कोतवाली रुद्रपुर पुलिस टीम गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी।
पुलिस के अनुसार, एफएसएल के पास किच्छा बाईपास रोड पर एक युवक संदिग्ध हालत में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह तेजी से आगे बढ़ने लगा, जिससे शक गहराया। पीछा कर उसे करीब 22:45 बजे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम शारिक (26 वर्ष), निवासी किच्छा क्षेत्र बताया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक सफेद पन्नी में छिपाकर रखे गए कुल 192 कैप्सूल बरामद हुए। ये कैप्सूल Dicyclomine, Tramadol और Acetaminophen मिश्रित थे, जिनमें ट्रामाडोल की कुल मात्रा 9.6 ग्राम और कुल मिश्रण 73.92 ग्राम पाया गया, जो एनडीपीएस एक्ट के तहत मध्यम श्रेणी में आता है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और यह दवाएं बिलासपुर क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति से खरीदकर लाया था। बरामद दवाएं बिना डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन के बेचना और रखना प्रतिबंधित है।
पुलिस ने मौके पर ही कैप्सूल को सील कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और आरोपी को रात 23:05 बजे गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान सुप्रीम कोर्ट और मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया।
आरोपी के खिलाफ धारा 8/22 NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस अब सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।


