रूद्रपुर में महिला व बच्चियों से मारपीट, घायल हालत में भर्ती,  पीड़ित ने दी चौकी में तहरीर

Share the news

रूद्रपुर, संवाददाता।

रूद्रपुर के पहाड़गंज इलाके में रविवार शाम एक परिवार पर कुछ लोगों ने घर में घुसकर हमला कर दिया। घटना में घर की महिलाओं और बच्चियों को बुरी तरह पीटा गया, जिनमें गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिवार ने रम्पुरा चौकी में तहरीर देकर आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

वार्ड नंबर 15, पहाड़गंज निवासी सोमिन अहमद ने बताया कि रविवार शाम करीब 7:30 बजे पड़ोस में रहने वाले आसिफ, गुड्डू, बब्बलू, हिना और रदीया ने उनके घर में जबरन घुसकर उनकी बेटियां — सबनम, निशा, फिजा और बुशरा पर लात-घूंसे और थप्पड़ों से हमला कर दिया।

पीड़ित सोमिन अहमद का आरोप है कि हमलावरों की मंशा जान से मारने की थी। मोहल्ले वालों ने बीच-बचाव कर किसी तरह जान बचाई। घटना के बाद सभी घायल बेटियों को तत्काल सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

सोमिन अहमद ने पुलिस से तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल रम्पुरा चौकी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *