दहेज उत्पीड़न और गर्भपात कराया, करवा चौथ पर निकाल दिया घर से बाहर, महिला ने पति समेत चार पर दर्ज कराई शिकायत

Share the news

रुद्रपुर। जिले में दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और जबरन गर्भपात कराने का गंभीर मामला सामने आया है। सुभाष कॉलोनी वार्ड-28 निवासी विवाहिता गितिका अरोरा ने महिला हेल्पलाइन थाना रुद्रपुर में तहरीर देकर अपने पति प्रभजीत सिंह भाटिया, सास कमलजीत कौर, ससुर दिलबाग सिंह और ननद तवलीन कौर पर उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं।

पीड़िता के अनुसार उसका विवाह 31 जनवरी 2025 को उझानी (बदायूं) में सिख रीति-रिवाज से हुआ था। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा कम दहेज लाने को लेकर ताने दिए जाने लगे और आए दिन मारपीट व मानसिक उत्पीड़न किया जाता रहा। आरोप है कि पति शराब के नशे में अक्सर गाली-गलौज और मारपीट करता था, जबकि सास-ससुर व ननद भी इसमें उसका साथ देते थे।

तहरीर में महिला ने यह भी आरोप लगाया कि गर्भवती होने पर ससुराल पक्ष ने जबरन उसे कुछ पिला दिया, जिससे उसका गर्भपात हो गया। इतना ही नहीं, करवा चौथ के दिन भी उसके साथ मारपीट कर आधी रात को घर से बाहर निकाल दिया गया।

11 अक्टूबर 2025 को हुई एक अन्य घटना में महिला ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी न करने पर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया गया और शरीर पर काटने तक की घटना हुई। किसी तरह बचकर उसने अपने मायके वालों को सूचना दी, जिसके बाद परिजन उसे रुद्रपुर ले आए और सरकारी अस्पताल में इलाज कराया गया।

पीड़िता का कहना है कि तब से वह मायके में रह रही है और ससुराल पक्ष ने न तो कोई संपर्क किया और न ही भरण-पोषण की जिम्मेदारी निभाई। पुलिस से मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *