रुद्रपुर। बस स्टेशन पर एक महिला से मारपीट और अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़िता वैशाली ने अपने पति शिवम कुमार और उसके तीन-चार साथियों पर जबरन खींचकर ले जाने का आरोप लगाया है। घटना 23 सितंबर की शाम करीब छह बजे की बताई जा रही है।
तहरीर में वैशाली ने कहा कि वह किच्छा लौटने के लिए रुद्रपुर बस स्टेशन पर खड़ी थीं। तभी शिवम अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए उसे घसीटने लगा। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की मदद से उसे कोतवाली लाया गया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि शिवम पहले भी न्यायालय और घर-परिवार के सामने जान से मारने की धमकी दे चुका है। उसके खिलाफ मैनपुरी में कई आपराधिक मुकदमे भी विचाराधीन हैं। वैशाली ने कोतवाली रुद्रपुर में एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


