सितारगंज। करंट लगने से महिला व उनकी भैंस की मौत हो गयी। परिजनों ने पास के खेत स्वामी पर करंट छोड़े जाने का आरोप लगाया है। बाबू शाह निवासी ग्राम पंडरी ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसकी पत्नी 45 वर्षीय हमशीरा मंगलवार की सुबह छह बजे भैंसों को लेकर गयी थी। भैंस अचानक छूट गयी। हमशीरा उसके पीछे गयी। बाबू शाह के अनुसार काफी देर तक नहीं पहुंची। परिजन खोजने के लिए गये तो हमशीरा बेहोश पड़ी थी। पास ही भैंस भी मृत थी। परिजन हमशीरा को अस्पताल लाये। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बाबू शाह के अनुसार पास में खेत स्वामी ने अपने खेत में बिजली का तार लगाकर करंट छोड़ा था। भैंस को बचाने के लिए प्रयास में हमशीरा को भी करंट लग गया। बाबू शाह के अनुसार करंट छोड़ने वाले व्यक्ति ने हमशीरा व भैंस को करंट लगने के बाद तार समेट लिया। करंट लगने की जानकारी किसी को नहीं दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की चार पुत्रियां व एक पुत्र है।
करंट लगने से महिला व भैंस की मौत
