वन्य जीव तस्करों का भंडाफोड़, 1 करोड़ कीमत का दुर्लभ ‘Red Sand Boa’ सांप बरामद…

Share the news

देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय वन्य जीव तस्कर गिरोह ‘लाडवा गैंग’ के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दुर्लभ और संरक्षित प्रजाति का जीवित Red Sand Boa (दो मुंहा सांप) बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

एसएसपी देहरादून अजय सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि हरियाणा से आए तस्कर तांत्रिक क्रियाओं के लिए इस सांप को ऊंची कीमत पर बेचने वाले हैं। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर नहर रोड कूड़ा घाटी मार्ग पर घेराबंदी कर एक सफेद स्विफ्ट कार से अनिल, अशोक और संदीप कुमार को पकड़ा।

तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट पर एक बैग से दुर्लभ Red Sand Boa सांप मिला। पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वे इस सांप को हरियाणा से देहरादून लाए थे और इसका सौदा तांत्रिक क्रियाओं के लिए करना था।

वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पुष्टि की कि यह सांप वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 (संशोधित 2022) की अनुसूची-1, पार्ट-C के तहत संरक्षित प्रजाति में शामिल है। इस प्रजाति का शिकार, व्यापार, संग्रह और परिवहन पूरी तरह प्रतिबंधित और दंडनीय अपराध है।

तीनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उन्हें वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है, एसएसपी अजय सिंह ने कहा, “देहरादून पुलिस वन्य जीवों की तस्करी के खिलाफ लगातार सतर्क है। ऐसे अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *