शादी समारोह से लौटते समय parked कार अचानक ढलान पर चली, गहरी खाई में गिरने से तीन की दर्दनाक मौत, दो घायल हायर सेंटर रेफर, देवाल क्षेत्र स्तब्ध।

Share the news

चमोली जनपद के विकासखंड देवाल क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें कोटेड़ा–मोपाटा मोटर मार्ग पर खड़े वाहन के अचानक ढलान पर लुढ़कने से तीन लोगों की मौत हो गई और दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में दो महिलाएं शामिल हैं, जबकि घायल दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

 

जानकारी के अनुसार देवाल के चौड़ गांव और कोटेड़ा क्षेत्र के कुछ लोग मोपाटा गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह से लौटते समय तीन महिलाओं समेत पांच लोग बिना चालक के सड़क किनारे खड़ी इकोस्पोर्ट कार में बैठ गए। जैसे ही सभी लोग वाहन में बैठे, मोपाटा के रौल तोक क्षेत्र में ढलानदार सड़क पर खड़ी यह कार अचानक अपने-आप चलने लगी और कुछ ही क्षणों में अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।

 

हादसा होते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने घायलों को खाई से बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल भेजा। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया।

 

दुर्घटना में 38 वर्षीय बसंती देवी और 48 वर्षीय मोहिनी देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं 48 वर्षीय भजन सिंह ने अस्पताल पहुंचने से पहले एंबुलेंस में दम तोड़ दिया। हादसे में 65 वर्षीय खिलाप सिंह और 19 वर्षीय ज्योति गंभीर रूप से घायल हुए हैं। ज्योति कोटेड़ा गांव की रहने वाली है, जबकि बाकी सभी चौड़ गांव के निवासी बताए गए हैं।

 

दुर्घटना की सूचना मिलते ही देवाल ब्लॉक प्रमुख तेजपाल सिंह रावत, ज्येष्ठ प्रमुख दीपक सिंह गड़िया, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख हरेंद्र कोटड़ी, ग्राम प्रधान रूप सिंह कुंवर सहित कई स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू कार्य में सहयोग किया।

 

इस दुखद घटना के बाद देवाल क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने घटना को बेहद हृदयविदारक बताते हुए कहा कि यह हादसा जिम्मेदारियों को लेकर सतर्कता की जरूरत की ओर गंभीर संकेत देता है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *