किच्छा…
बहन को छेड़ने का विरोध करने पर मनचलों ने युवक और उसके दोस्त को बुरी तरह पीटा। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
कोतवाली अंतर्गत एक युवक ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि बीती 28 जुलाई शाम सात बजे उसकी बहन काम से घर वापस जा रही थी। इस दौरान रास्ते में ओम शर्मा, ईशू शर्मा, दीपक, अर्जुन ने उसकी बहन का रास्ता रोक छेडछाड की। जब उसे घटना की जानकारी मिली तब उसने आरोपियों से विरोध जताया। इससे गुस्साए आरोपियों ने अपने 10- 12 साथियों के साथ धारदार हथियार, रॉड, पंजे आदि लेकर उसे घेर लिया। यह देखकर उसका दोस्त मौके पर आ गया। आरोपियों ने उसे और उसके दोस्त को ईंट, पत्थर, रॉड से बुरी तरह पीटा। भीड़ इकठ्ठा होने पर आरोपी मौके से चले गये। इस घटना में वह और उसका दोस्त गंभीर रुप से घायल हो गये। उसके दोस्त को निजी अस्पताल में भर्ती करया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।