राधे हरि कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में हिंसा, नामांकन वापसी प्रक्रिया में धक्का-मुक्की

Share the news

रुद्रपुर: राधे हरि स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गुरुवार को छात्रसंघ चुनाव के नामांकन पत्र वापसी के दौरान माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। अध्यक्ष पद के एबीवीपी समर्थित उम्मीदवार और निर्दलीय प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच हुई कहासुनी देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।

 

घटना में एक छात्र गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। घटना दोपहर को तब हुई, जब निर्दलीय प्रत्याशी शाहरुख खान अपने समर्थकों के साथ पर्चा वापस करने पहुंचे। इससे पहले, प्रत्याशी कुलदीप ने भी पर्चा वापस लेकर जतिन को समर्थन देने की घोषणा की थी।

 

दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक तेजी से बढ़ी और आमने-सामने मारपीट शुरू हो गई। कॉलेज प्रशासन ने तुरंत आईटीआई थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया और दोनों पक्षों के युवकों को थाने ले जाकर सख्त हिदायत दी।

 

घायल छात्र कमरुद्दीन का इलाज जारी है और डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है। पुलिस का कहना है कि किसी पक्ष से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है और कालेज परिसर में फिलहाल शांति है। पुलिस अलर्ट मोड पर है ताकि किसी अप्रिय घटना से निपटा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *