चंपावत जिले के मस्टा वन बैरियर से शनिवार को बड़ी खबर सामने आई है। विजिलेंस हल्द्वानी सेक्टर की टीम ने एक सफल ट्रैप कार्रवाई करते हुए वन विभाग में तैनात दो फॉरेस्ट गार्डों को ₹20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
यह कार्रवाई ग्राम चौकी क्षेत्र के मस्टा वन बैरियर पर की गई, जहां आरोपी फॉरेस्ट गार्ड भुवन चंद्र भट्ट पुत्र रामदत्त भट्ट और दीपक जोशी पुत्र बसंत बल्लभ जोशी शिकायतकर्ता से घूस की रकम ले रहे थे।
विजिलेंस सूत्रों के अनुसार, शिकायतकर्ता ने अपनी गौशाला के लिए जंगल में टूटे पड़े चीड़ के पेड़ की लकड़ी लाने की अनुमति मांगी थी। इसी दौरान दोनों गार्डों ने उसे डरा-धमकाकर ₹40 हजार की रिश्वत की मांग की। शिकायत के बाद विजिलेंस टीम ने पूरे प्रकरण का जाल बिछाया और योजना के तहत जैसे ही आरोपियों ने ₹20 हजार की पहली किस्त ली, टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें रंगे हाथों दबोच लिया।
विजिलेंस टीम ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आगे की जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या इस रिश्वतखोरी में विभाग के अन्य कर्मचारी भी शामिल हैं।




