गदरपुर क्षेत्र में एक किसान से इंग्लैंड में पढ़ाई दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये ठगने का मामला सामने आया है। ग्राम खुशालपुर (सकैनिया) निवासी बचन सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर को प्रार्थना पत्र देते हुए दो युवकों—विजय कुमार उर्फ लाडी और विकास कुमार—पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने उसके बेटे सुरेंद्र सिंह को उच्च शिक्षा के लिए इंग्लैंड भेजने का भरोसा दिलाया और कुल 16 लाख रुपये की मांग की। विश्वास में आकर प्रार्थी ने 9 फरवरी 2025 को 4 लाख रुपये नकद तथा 8 मार्च 2025 को 30 हजार रुपये ऑनलाइन भुगतान कर दिए। इसके बाद भी न तो स्टडी वीजा उपलब्ध कराया गया और न ही किसी प्रकार की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
लगातार पूछताछ करने पर आरोपी टालमटोल करते रहे और बाद में रकम लौटाने की बात कहकर भी मुकर गए। पीड़ित का आरोप है कि अब आरोपी उसे धमकी दे रहे हैं कि पैसे मांगे तो जान से मार देंगे। थाने में सुनवाई न मिलने पर पीड़ित ने SSP से गुहार लगाई है कि प्रकरण में रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए और उसकी रकम वापस दिलाई जाए।



