उत्तराखंड हाईकोर्ट को नया नेतृत्व, न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता होंगे मुख्य न्यायाधीश 

Share the news

नैनीताल। उत्तराखंड उच्च न्यायालय में नेतृत्व परिवर्तन होने जा रहा है। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता को उत्तराखंड हाईकोर्ट का नया मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। वे मौजूदा मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति गुहानाथन नरेंद्र (जी नरेंद्र) का स्थान लेंगे, जो 9 जनवरी 2026 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम ने पिछले माह न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता के नाम की सिफारिश की थी, जिसे केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। न्यायमूर्ति गुप्ता को 12 अप्रैल 2013 को इलाहाबाद हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। न्यायिक क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव और सख्त व संतुलित फैसलों के लिए वे पहचाने जाते हैं। उनका कार्यकाल 8 अक्टूबर 2026 तक रहेगा।

वर्तमान मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति जी नरेंद्र ने 26 दिसंबर 2024 को उत्तराखंड हाईकोर्ट की जिम्मेदारी संभाली थी। अपने कार्यकाल में उन्होंने कई महत्वपूर्ण मामलों में निर्णय देकर न्यायिक प्रक्रिया को दिशा दी। शुक्रवार को उनके सेवानिवृत्त होते ही हाईकोर्ट को नया मुख्य न्यायाधीश मिल जाएगा।

इस बीच, उत्तराखंड हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या भी बढ़ी है। अधिवक्ता सिद्धार्थ साह ने 8 जनवरी को अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। मुख्य न्यायाधीश जी नरेंद्र ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही हाईकोर्ट में कुल न्यायाधीशों की संख्या 10 हो गई है, जिससे लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *