
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसान दिवस और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सीएम ने उन्हें याद करते हुए कहा कि चौधरी चरण सिंह ने अन्नदाता किसानों का जीवन बदला। उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है। इस अवसर पर सीएम योगी ने 51 किसानों को ट्रैक्टर दिया और हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।





बता दें कि देश में किसानों की आवाज उठाने वाले कई बड़े नेता हुए, लेकिन किसान पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को अपना मसीहा मानते हैं। चौधरी चरण सिंह भले ही देश के प्रधानमंत्री के पद पर रहे हों, लेकिन आज भी उनको लोग किसान नेता के तौर पर याद करते हैं। इसलिए 23 दिसंबर को हर साल उनके जन्मदिन के दिन किसान दिवस मनाया जाता है। आज किसान दिवस पर सीएम योगी ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी है। इसके बाद सीएम ने जनसभा को संबोधित किया।
सीएम योगी ने कहा, चौधरी चरण सिंह ने किसानों के लिए जो योगदान दिया है, उसे भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने किसानों के लिए जो कहा वह कर दिखाया। जब तक किसान गरीब रहेगा देश विकास नहीं कर सकता है। पहली बार किसानों ने महसूस किया कि वे सरकार के एजेंडे का हिस्सा हैं और पहले स्थान पर हैं। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि के जरिए किसानों को 15 किस्त मिली हैं। यूपी के दो करोड़ से ज्यादा किसानों को यह राशि मिली है। कृषि को लाभकारी बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। साढ़े छह साल में 2 लाख 25 हजार गन्ना किसानों को भुगतान किया जा चुका है। डीबीटी के माध्यम से भुगतान किया जा रहा है। अब खेती घाटे का सौदा नहीं है। प्राकृतिक खेती और श्रीअन्न को बढ़ावा दिया जा रहा है। मोटा अनाज के माध्यम से किसानों को संवार रहे हैं। यह किसानों के परिश्रम का परिणाम ही है कि विकास दर नौ फीसदी तक पहुंची है।