ट्रांजिट कैंप कोतवाली में विधायक शिव अरोरा के प्रतिनिधि से अभद्रता पर हंगामा, महिला कांस्टेबल की माफी के बाद थमा विवाद

Share the news

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप कोतवाली में गुरुवार को उस समय माहौल गरमा गया, जब शिव अरोरा के प्रतिनिधि और एक महिला कांस्टेबल के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा कार्यकर्ता कोतवाली पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। बाद में महिला कांस्टेबल द्वारा माफी मांगने पर मामला शांत हो गया।

जानकारी के अनुसार विधायक प्रतिनिधि सोनू वर्मा किसी कार्य से कोतवाली ट्रांजिट कैंप पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने वहां मौजूद पुलिस कर्मियों को विधायक के कोतवाली आने की सूचना दी। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात एक महिला कांस्टेबल से उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि महिला कांस्टेबल ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिसका विधायक प्रतिनिधि ने विरोध किया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच बहस तेज हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही भाजपा कार्यकर्ता भी कोतवाली पहुंच गए, जिससे परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्वयं विधायक शिव अरोरा भी कोतवाली पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने एसएसआई महेश कांडपाल से बातचीत कर नाराजगी जताई और कहा कि जनप्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए।

वहीं महिला कांस्टेबल ने सफाई देते हुए कहा कि गलतफहमी के कारण उनकी भाषा शैली में कठोरता आ गई थी। उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली। इसके बाद विधायक और कार्यकर्ताओं ने मामला समाप्त मानते हुए शांति बनाए रखने की अपील की। घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने भी भविष्य में ऐसी स्थिति न बनने देने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *