खटीमा। ऊधमसिंहनगर जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस ने खटीमा हत्याकांड में दो और नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के स्पष्ट निर्देशों के तहत की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने गुफरान और समीर को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस सनसनीखेज हत्याकांड में अब तक तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
घटना 12 दिसंबर 2025 की रात की है, जब खटीमा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत रोडवेज बस स्टेशन के सामने मारपीट की एक गंभीर घटना सामने आई थी। इस हमले में तुषार शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि सलमान और अभय उर्फ बाबू गंभीर रूप से घायल हुए थे। घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई थी।
मामले में 13 दिसंबर 2025 को मृतक के पिता मनोज शर्मा की तहरीर पर थाना खटीमा में एफआईआर संख्या 336/2025 दर्ज की गई थी, जिसमें हाशिम, गुफरान, समीर, पप्पू चाय वाला, शहबाज समेत अन्य आरोपियों को नामजद किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में कई पुलिस टीमें गठित की गईं। इसी क्रम में पुलिस ने 13 दिसंबर की देर रात अभियुक्त हाशिम को झनकट क्षेत्र में ईंट भट्टे के पास मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया था।
आज 15 दिसंबर 2025 को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सितारगंज रोड स्थित मजगमी पुल के पास से अभियुक्त गुफरान और समीर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि शेष आरोपियों की तलाश जारी है और मामले में संलिप्त अभियुक्तों की चल-अचल संपत्तियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



