उधमसिंहनगर” आज जिला बार एसोसिएशन के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। 588 में से 554 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कुल 94.21 फीसदी मतदान हुआ। जिलाध्यक्ष और सचिव सहित 10 पदों के लिए 29 प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटी में बंद हो गई है। गुरुवार सुबह 11 बजे से मतगणना होगी। इसके बाद चुनाव परिणाम की घोषणा की जाएगी। मुख्य चुनाव अधिकारी सीपी जोशी ने बताया कि बुधवार सुबह 9 बजे से मतदान शुरू हुआ और शाम चार बजे तक चला। कुल 554 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिला बार एसोसिएशन में अध्यक्ष पद पर दिवाकर पांडेय, प्रीतम लाल, वीरेंद्र कुमार गोस्वामी और संजीव फोगाट चुनाव मैदान में हैं। वहीं उपाध्यक्ष पद पर अखलाक अहमद, कृष्ण चंद्र और धर्मेंद्र शर्मा मैदान में हैं। उपाध्यक्ष कलक्ट्रेट के लिए विष्णु कुमार मंडल, शिव कुमार शर्मा, सचिव के लिए आरएस रावत, सर्वेश कुमार सिंह, जसवंत सिंह, उपसचिव के लिए हरप्रीत सिंह, विकास तिवारी, हरवंश लाल, गिरीश चतुर्वेदी, मैदान में हैं। कोषाध्यक्ष के लिए पावेल कठायत, सर्वेश बाबू के बीच मुकाबला है। वहीं लेखा परीक्षक के लिए आशीष त्रिपाठी, गिरिराज कुमार, पुस्तकालय अध्यक्ष के लिए प्रणवेश कुमार, गौरव मिड्डा, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य के लिए अमित छाबड़ा अखिलेश कुशवाहा, माया शर्मा और कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य के लिए जयप्रकाश गंगवार, संजीत बढई, विश्वजीत विश्वास और परविंदर सिंह प्रत्याशी हैं। चुनाव अधिकारी जोशी ने मतगणना के बाद मतपेटी कड़ी सुरक्षा के साथ स्ट्रांग रूम में जमा करा दी हैं। बार एसोसिएशन के चुनाव हाईकोर्ट से आए आब्जर्वर मेहरबान सिंह कोरंगा की देखरेख में संपन्न हुए। सहायक चुनाव अधिकारी धर्मेंदर सिंह डंग, जगदीश बिष्ट, कुलवीर सिंह ढिल्लो, विजय कुमार, सतपाल सिंह, चंचल बाबना, चुनाव सहायक सुरजीत कौर, सुभाषिनी द्विवेदी, सीपी सिंह आदि मौजूद रहे।
बता दें की कल गिनती होगी 11:00 बजे से गिनती शुरू हो जाएगी पूरी होने पर दोपहर को दो-तीन बजे तक परिणाम आएंगे