नववर्ष पर ऊधम सिंह नगर पुलिस हाई अलर्ट, एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर 31 दिसंबर की रात सुरक्षा, ट्रैफिक और शराबी ड्राइविंग पर सख्त निगरानी

Share the news

रुद्रपुर, संवाददाता।

नववर्ष के स्वागत को लेकर ऊधम सिंह नगर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर 31 दिसंबर और नववर्ष के अवसर पर जनपद में शांति, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि पिछले वर्षों के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए इस बार किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस द्वारा संभावित भीड़ और संवेदनशील स्थानों का पूर्व आकलन कर रुद्रपुर, काशीपुर, सितारगंज और खटीमा सहित प्रमुख शहरी व व्यावसायिक क्षेत्रों को चिन्हित किया गया है। मॉल, बाजार, होटल-रेस्टोरेंट, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और मुख्य चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। चेन स्नैचिंग, छेड़छाड़, जेबकटी, आपसी विवाद और शराब पीकर वाहन चलाने जैसी घटनाओं पर विशेष नजर रखी जाएगी।

एसएसपी के निर्देश पर प्रत्येक थाना क्षेत्र को 4 से 5 सेक्टरों में बांटा गया है। हर सेक्टर में प्रभारी अधिकारी की जिम्मेदारी तय की गई है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में फुट पेट्रोलिंग, बैरिकेडिंग और एंट्री-एग्जिट प्वाइंट्स पर सघन चेकिंग अनिवार्य की गई है। रिजर्व फोर्स को दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ तैयार रखा गया है।

रात्रि के समय विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। ब्रेथ एनालाइजर से शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच होगी और नियम उल्लंघन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा तथा एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। एसएसपी ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य नववर्ष पर आमजन को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *