ऊधमसिंह नगर में होली पर्व से पूर्व अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए आबकारी विभाग ने रुद्रपुर मुख्यालय के निर्देशन में प्रवर्तन क्षेत्र-2 खटीमा में व्यापक अभियान चलाया। 06 फरवरी से 20 फरवरी तक चले विशेष प्रवर्तन अभियान के दौरान विभाग ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर अवैध शराब माफियाओं में हड़कंप मचा दिया।
जिला आबकारी अधिकारी के मार्गदर्शन में गठित टीमों ने रुद्रपुर और नेपाल सीमा से सटे खटीमा क्षेत्र के जंगलों व संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 25 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज करते हुए जेल भेजा गया। विभाग ने शराब बनाने में प्रयुक्त 54,000 किलोग्राम लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया, जिससे बड़े पैमाने पर अवैध शराब निर्माण की योजना विफल हो गई।
छापेमारी के दौरान 1,250 लीटर कच्ची शराब भी बरामद की गई, जिसे त्योहार के दौरान बाजार में खपाने की तैयारी थी। अधिकारियों के अनुसार, अभियान के तहत कुल 25 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। दुर्गम क्षेत्रों में अवैध भट्ठियों का पता लगाने के लिए ड्रोन व तकनीकी संसाधनों का भी उपयोग किया जा रहा है।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि होली तक यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और अवैध शराब के कारोबार में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की सक्रियता से स्थानीय लोगों ने राहत व्यक्त की है।

