
रुद्रपुर। नगर निगम रुद्रपुर के दो वार्ड अनाथ हो चुके हैं, क्योंकि यहां जनता की आवाज को बुलंद करने वाला ही कोई नहीं है। अपने काम को लेकर व वार्ड के कार्यों को लेकर जनता दर दर भटकने पर मजबूर है। बताते चलें रुद्रपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 13 के पार्षद प्रकाश सिंह धामी व वार्ड नंबर 36 के पार्षद विरेन्द्र कुमार का निधन हो चुका है। जिसके बाद से अब तक इन वार्ड में न तो उपचुनाव हुआ और न ही कोई पार्षद बना। जिसके चलते वार्ड के लोग काफी परेशान रहते हैं। अपने दस्तावेजों पर मुहर आदि के लिए इन वार्ड के लोगों को दर दर भटकना पड़ता है और वार्ड की समस्याओं को लेकर भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं पूरे मामले में नगर निगम को भी गंभीरता बरतते हुए वार्ड पार्षद का चयन करना चाहिए, जिससे वार्ड के लोगों को समस्याओं का सामना न करना पड़े।




