रुद्रपुर, संवाददाता।
सड़क दुर्घटना के बाद गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने एक राइस मीलर समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामला कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र की बिगवाड़ा चौकी का है।
जानकारी के अनुसार ग्राम फिरोजपुर, थाना बहेड़ी, जिला बरेली निवासी आलमजीत सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 14 फरवरी 2026 को वह अपने परिवार के साथ थार वाहन से रुद्रपुर से घर लौट रहे थे। चंदोला अस्पताल के पास एक पिकअप वाहन ने कथित रूप से तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। हादसे में उन्हें और उनके परिजनों को चोटें आईं।
आरोप है कि विरोध करने पर पिकअप चालक ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इस दौरान वाहन के पंजीकृत स्वामी बलराम अग्रवाल भी वहां पहुंचे और उन्होंने भी अभद्रता करते हुए धमकी दी। तहरीर में चालक के नशे में होने और ड्राइविंग लाइसेंस न होने का भी आरोप लगाया गया है।
चौकी प्रभारी बिगवाड़ा के निर्देशन में एसआई सुरेंद्र रिंगवाल मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।



