बाजपुर। शुक्रवार की देर शाम गांव बरहैनी में दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि एक पक्ष ने तलवार से हमला कर दिया जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से तलवारों को कब्जे में लिया है। साथ ही घायल का मेडिकल कराया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गांव बरहैनी निवासी असगर अली और उसके पड़ोसी अतीक के बच्चे घर के पास खेल रहे थे। इस दौरान किसी बात को लेकर बच्चों के बीच झगड़ा हो गया। ग्रामीणों ने मामला शांत करा दिया। उसके बाद शुक्रवार शाम को घर लौटने पर असगर अली और अतीक के बीच फिर विवाद हो गया जिसमें देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान एक पक्ष ने तलवार से हमला कर दिया। जिसमें असगर अली के हाथ पर गंभीर चोट आई है। मारपीट की सूचना पर हड़कंप मच गया। मौके पर पुलिस टीम पहुंची जहां पुलिस को देख लोग भगा गए। पुलिस ने मौके से दो तलवारों को कब्जे में लिया है।
पुलिस ने घायल को सीएचसी पहुंचाया। जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार हमलावर घर से फरार है। एस आई अशोक कांडपाल ने बताया कि अभी किसी पक्ष की तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई होगी।