ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में बुधवार सुबह दो नाबालिग बच्चियों के साथ सनसनीखेज मामला सामने आया। जानकारी के मुताबिक, 10-10 साल की दोनों बच्चियां रोज की तरह स्कूल जा रही थीं। इसी दौरान उनके पीछे दो युवक लग गए। संदिग्ध स्थिति को भांपकर बच्चियां किसी तरह दौड़ते हुए स्कूल पहुंचीं। हांफती बच्चियों को देखकर शिक्षकों ने जब पूछताछ की तो उन्होंने घटना की पूरी जानकारी दी।
मामले की गंभीरता देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने तुरंत ट्रांजिट कैंप थाने को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और बच्चियों के रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। फुटेज में दोनों युवक बच्चियों का पीछा करते हुए साफ नजर आए।
थानाध्यक्ष ट्रांजिट कैंप मोहन पांडे ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। फुटेज में कैद संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का आश्वासन दिया है।



