ट्रांजिट कैंप बवाल: महिला कांग्रेस अध्यक्ष, पति-बेटे सहित कई नेताओं पर पाक्सो समेत संगीन धाराओं में केस, भाजपा पार्षद पति की तहरीर पर दर्ज मुकदमा

Share the news

रुद्रपुर।

ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के आजाद नगर इलाके में हुए विवाद ने राजनीतिक रंग ले लिया है। महिला कांग्रेस की नगर अध्यक्ष मोनिका ढाली और वार्ड पांच की पार्षद के पति व भाजपा नेता राधेश शर्मा की ओर से एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

महिला कांग्रेस नगर अध्यक्ष मोनिका ढाली पत्नी समीर ढाली ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार शाम उनका पुत्र कुनाल ढाली अपने मित्र अमन के साथ आवश्यक कार्य से मौसी के घर जा रहा था। रास्ते में उसने देखा कि उसकी एक मुंहबोली बहन के साथ कुछ महिलाएं व लड़कियां अभद्र भाषा में गाली-गलौज कर रही थीं। बीच-बचाव करने पर वार्ड पांच की पार्षद कुसुम शर्मा के पति राधेश शर्मा वहां पहुंचे और बिना पूरी बात जाने उनके पुत्र कुणाल को थप्पड़ मार दिया। सूचना मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचीं तो आरोप है कि राधेश शर्मा ने उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया, कलाई पकड़कर बाल खींचे और अश्लील हरकत की। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

 

वहीं दूसरे पक्ष से जगतपुरा निवासी पार्षद पति व भाजपा नेता राधेश शर्मा ने भी तहरीर दी। उनका कहना है कि शुक्रवार शाम उनके घर के पास कुछ लोग गाली-गलौज कर रहे थे। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मोनिका ढाली का पुत्र कुछ किशोरियों से अभद्र बातें कर रहा था। समझाने पर वह गालीगलौज और हाथापाई पर उतर आया। बाद में मोनिका ढाली और उनके पति भी मौके पर पहुंचे और विवाद बढ़ गया। आरोप है कि चौकी में सौरभ बेहड़ ने जान से मारने का प्रयास किया और कांग्रेसी नेता संजय जुनेजा समेत अन्य ने मारपीट की।

 

थानाध्यक्ष मोहन पांडे ने बताया कि राधेश शर्मा की तहरीर पर मोनिका ढाली, उनके पति समीर ढाली, पुत्र कुणाल, कांग्रेस पार्षद सौरभ बेहड़ और व्यापारी नेता संजय जुनेजा के खिलाफ पाक्सो समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं मोनिका ढाली की तहरीर पर राधेश शर्मा सहित एक अन्य के खिलाफ मारपीट, गालीगलौज और छेड़छाड़ का केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *