मुरादाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा: हल्द्वानी के चार युवकों की मौके पर मौत, ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई कार, एक गंभीर

Share the news

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में उत्तराखंड के चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मूंढापांडे थाना क्षेत्र के मनकरा मोड़ के पास दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर हुआ। मृतक सभी युवक नैनीताल जिले के हल्द्वानी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस के अनुसार पांचों युवक कार से दिल्ली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मनकरा मोड़ के पास उनकी कार आगे चल रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मूंढापांडे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला।

घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मूंढापांडे पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल मुरादाबाद रेफर कर दिया गया।

मूंढापांडे थाना प्रभारी मोहित कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कार में सवार पांच युवक हल्द्वानी से दिल्ली जा रहे थे। मनकरा मोड़ के पास उनकी कार सामने चल रही ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

सीएचसी मूंढापांडे की मेडिकल ऑफिसर डॉ. ईशा सिंह ने बताया कि अस्पताल में पांच युवकों को लाया गया था, जिनमें चार को मृत अवस्था में घोषित किया गया, जबकि एक युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान अनिल नेगी, सुंदर सिंह, भुवन भंडारी और दयाल सिंह निवासी हल्द्वानी के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक यशदीप पांडे भी हल्द्वानी का ही रहने वाला है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा कार चालक को झपकी आने के कारण हुआ हो सकता है, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गया। वहीं घटना का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *