
नूंह जिले के थाना फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर इब्राहिमबास गांव के पास सफाई कार्य में लगे कर्मचारियों को तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने कुचल दिया। हादसे में छह महिलाओं समेत सात सफाई कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।





हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ, जब 11 सफाई कर्मचारी एक्सप्रेसवे की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार पिकअप ने अनियंत्रित होकर कर्मचारियों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छह कर्मचारियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल पांच कर्मचारियों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां एक और कर्मचारी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस व रोड सेफ्टी एजेंसियों की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर भारी जाम भी लग गया।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान प्रक्रिया जारी है। चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
यह हादसा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रहे सड़क हादसों की कड़ी में एक और बड़ा झटका है। इससे पहले भी घने कोहरे, तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते कई दर्दनाक घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इस हादसे ने फिर से सड़क सुरक्षा और कर्मचारियों के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठा दिए हैं।
प्रशासन ने घटनास्थल पर यातायात नियंत्रित कर लिया है और मृतकों के परिजनों को सूचित किया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे पर पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर भी लोग हादसे पर गहरा दुख व्यक्त कर रहे हैं और सड़क सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।