दर्दनाक बस हादसा: जिले केएमओयू बस के साथ भीषण हादसा, 7 की मौत, 12 घायल, सीएम धामी व पीएम मोदी ने जताया शोक

Share the news

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से मंगलवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। सल्ट भिकियासैंण क्षेत्र में भिकियासैंण–विनायक मोटर मार्ग पर एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में 7 यात्रियों की मौत हो गई है, जबकि करीब 12 यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में 4 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं। बस में कुल 19 यात्री सवार थे, जिनमें कई की हालत नाजुक बनी हुई है।

दुर्घटनाग्रस्त बस रामनगर की कुमाऊं मोटर ऑनर्स यूनियन लिमिटेड (केएमओयू) की बस थी, जिसका नंबर यूके 07 पीए 4025 बताया जा रहा है। यह बस सोमवार सुबह 11 बजे रामनगर से द्वाराहाट नोबाड़ा के लिए रवाना हुई थी। मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे बस द्वाराहाट नोबाड़ा से रामनगर के लिए चली, लेकिन लगभग डेढ़ घंटे बाद सुबह करीब 8 बजे सैलापानी बैंड के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि बस का चालक और परिचालक सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और गहरी खाई होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। घायलों को खाई से निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।

हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि घटना अत्यंत दुःखद है और प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए गए हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बस हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है।

फिलहाल प्रशासन द्वारा पूरे मामले की निगरानी की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *