बहादराबाद थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि टक्कर के बाद बाइक में आग लगने से वह पूरी तरह जलकर राख हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, अलीपुर निवासी राहुल पुत्र रामवीर और राजकमल पुत्र राजेंद्र कुमार एक ही बाइक पर सवार होकर गांव लौट रहे थे। गांव से कुछ दूरी पहले ही किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उसमें तुरंत आग लग गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आग की चपेट में आई बाइक से दोनों युवकों के शवों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
घटना की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे अलीपुर में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों मृतकों के घरों में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई।
थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास जारी हैं। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग उठ रही है।




