रुद्रपुर-हल्द्वानी मार्ग पर दर्दनाक हादसा, अंधेरे में हाथी से टकराए बाइक सवार, हमले में दो युवकों की मौत

Share the news

रुद्रपुर-हल्द्वानी मार्ग पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार दो युवकों की जान चली गई। घटना हल्द्वानी-रुद्रपुर सड़क पर तराई केंद्रीय वन प्रभाग की हल्द्वानी रेंज क्षेत्र में बेलबाबा मंदिर के पास रात करीब 11 बजे हुई। बताया जा रहा है कि अंधेरे के कारण बाइक सवार युवक सड़क पर मौजूद हाथी से टकरा गए, जिसके बाद गुस्साए हाथी ने उन पर हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद हाथी ने दोनों युवकों को बुरी तरह पटक-पटक कर घायल कर दिया। मौके से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और वन विभाग को भी अवगत कराया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया, जहां एक युवक को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दूसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि दोनों युवक हल्द्वानी में कपड़ों और आर्टिफिशियल ज्वेलरी का कारोबार करते थे। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, वन विभाग ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।

हल्द्वानी रेंज के रेंजर ललित जोशी ने बताया कि देर रात पुलिस से हाथी के हमले की सूचना मिली थी। जब तक वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, तब तक पुलिस घायलों को अस्पताल भेज चुकी थी। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया हाथी के हमले में मौत की आशंका है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जा सकेगी।

फिलहाल वन विभाग क्षेत्र में गश्त बढ़ा रहा है और लोगों से रात के समय सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *