गदरपुर मटकोटा मार्ग पर दर्दनाक हादसा: ट्रक की टक्कर के बाद बस ने कुचला, युवक की मौके पर मौत

Share the news

रुद्रपुर। गदरपुर मटकोटा मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में जगतपुरा निवासी शंकर मंडल की मौत हो गई। शंकर रुद्रपुर स्थित एक प्रिंटिंग प्रेस में काम करता था और रोज की तरह चंडीपुर स्थित रिसेप्शन अटेंड करने जा रहा था। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह अपनी बाइक से मटकोटा मार्ग पर पहुंचा, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही शंकर बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा और इससे पहले कि वह संभल पाता, पीछे से आ रही एक बस ने उसे बुरी तरह कुचल दिया। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि शंकर की मौके पर ही मौत हो गई।

 

हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर भीड़ एकत्र हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद ट्रक और बस चालक दोनों ही अपने वाहनों समेत मौके से फरार हो गए। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार वाहनों और चालकों की पहचान की जा सके। वहीं हादसे की खबर मिलते ही शंकर के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र में भी इस दर्दनाक हादसे को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *