शिवनगर में दर्दनाक हादसा: सड़क पार करते समय 12 वर्षीय बालक को रिक्शा ने कुचला, मौत

Share the news

रुद्रपुर। शहर के शिवनगर क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय बालक की जान चली गई। घटना कोतवाली ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के शिवनगर तिराहे के पास की है, जहां अचानक सड़क पार करने के प्रयास में बालक तेज रफ्तार टुकटुक की चपेट में आ गया।

पुलिस के अनुसार, घटना दिनांक 05 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 2 बजे की है। इमरजेंसी सेवा के माध्यम से मिली सूचना पर पुलिस और 108 एम्बुलेंस तत्काल मौके पर पहुंची। घायल बालक अंकित (12 वर्ष), पुत्र धीरज, निवासी शिवनगर वार्ड नंबर-8 को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्राथमिक जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सामने आया है कि बालक अंकित सड़क किनारे दौड़ रहा था और अचानक उसने सड़क पार करने की कोशिश की। इसी दौरान टुकटुक सामने आ गया और बालक उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि टुकटुक भी अनियंत्रित होकर पलट गया।

हादसे में ट्रक चालक पूरन लाल, पुत्र ओमप्रकाश, निवासी शिवनगर भी घायल हुआ है, जिसका उपचार जारी है। पुलिस ने टुकटुक को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कर दिया है।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर ली गई है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *