Rudrapur” में नववर्ष पर नैनीताल रूट पर ट्रैफिक डायवर्जन, 31 दिसंबर को भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

Share the news

रुद्रपुर। वीकेंड और नववर्ष के अवसर पर जनपद नैनीताल की ओर बढ़ने वाले पर्यटक वाहनों की भारी भीड़ को देखते हुए ऊधमसिंहनगर पुलिस ने व्यापक यातायात व्यवस्था लागू की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार 31 दिसंबर 2025 से विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान प्रभावी रहेगा। इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात को सुचारु बनाए रखना और आमजन को सुरक्षित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है।

पुलिस आदेश के अनुसार दिल्ली और हरियाणा से आने वाले वाहनों को हल्द्वानी मोड़–टांडा तिराहा से डायवर्ट कर नगला बाइपास होते हुए नैनीताल भेजा जाएगा। कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के वाहन काठगोदाम–टांडा तिराहा–पननगर–नगला मार्ग से जाएंगे। वहीं खटीमा और पीलीभीत से आने वाले वाहनों को महाराणा प्रताप चौक, सितारगंज होते हुए चोरगलिया मार्ग से नैनीताल की ओर भेजा जाएगा। हरिद्वार, बिजनौर और मुरादाबाद से आने वाले वाहन बाजपुर–बरहैनी–कालाढूंगी मार्ग का उपयोग करेंगे।

इसके साथ ही 31 दिसंबर को ट्रक, डंपर समेत सभी मालवाहक वाहनों का जनपद के विभिन्न शहरों और कस्बों में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने सभी थाना प्रभारियों को डायवर्जन प्वाइंट्स पर पर्याप्त बल तैनात करने के निर्देश दिए हैं और आमजन से नियमों का पालन कर सहयोग की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *