रम्पुरा में ठुकराल-अरोरा समर्थक आमने-सामने, दोनों पक्षों ने किए एक-दूसरे के नेताओं के पुतले दहन

Share the news

रुद्रपुर। रम्पुरा क्षेत्र में बुधवार को पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और विधायक शिव अरोरा के समर्थकों के बीच जबरदस्त राजनीतिक टकराव देखने को मिला। कोली समाज के लोगों ने जहां पूर्व विधायक ठुकराल के खिलाफ आक्रोश जताते हुए उनका पुतला दहन किया, वहीं ठुकराल समर्थकों ने पलटवार करते हुए विधायक शिव अरोरा का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया।

पहले, रम्पुरा कटोरी मंदिर के पास बड़ी संख्या में एकत्र हुए कोली समाज के लोगों ने पूर्व विधायक ठुकराल का पुतला जलाया। उन्होंने आरोप लगाया कि दो दिन पूर्व बंटी चौहरा के पास ठुकराल व उनके भाई द्वारा मोहित कोली के साथ की गई मारपीट अत्यंत निंदनीय है। वार्ड 22 के पार्षद पति चन्द्रसेन चंदा ने कहा कि रमपुरा की जनता ने जिन्हें वर्षों तक विधायक बनाया, वही अब जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर जनता को अपमानित कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान डॉ. महेश कोली, राज कोली, सुदामा कोली, त्रिलोक कोली सहित कई लोग मौजूद रहे।

इसके कुछ देर बाद ठुकराल समर्थक भी मैदान में उतर आए और रम्पुरा के बंटी चौक पर विधायक शिव अरोरा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने अरोरा के पुतले को जूते-चप्पलों की माला पहनाकर आग के हवाले किया और “शिव अरोरा मुर्दाबाद” के नारे लगाए। समर्थकों का कहना था कि अरोरा लगातार क्षेत्र की उपेक्षा कर रहे हैं और ठुकराल के खिलाफ साजिश रच रहे हैं।

रम्पुरा में दोनों गुटों के आमने-सामने आने से माहौल गर्म हो गया है। पुलिस ने स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी हुई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *