गुरुग्राम से लापता तीन छात्र हरिद्वार में मिले सकुशल, ऑपरेशन स्माइल की सतर्कता से टली अनहोनी; एसएसपी नवनीत भुल्लर की अपील—बिना बताए घर छोड़ना खतरनाक

Share the news

हरियाणा के गुरुग्राम से लापता तीन नाबालिग बच्चे हरिद्वार में सकुशल बरामद किए गए हैं। 20 फरवरी को स्कूल के लिए घर से निकले ये तीनों छात्र घर लौटने के बजाय ट्रेन से हरिद्वार पहुंच गए। 21 फरवरी को हरिद्वार रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को तीनों बच्चे संदिग्ध अवस्था में बिना अभिभावक के घूमते मिले।

पूछताछ में बच्चे संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए, जिसके बाद ऑपरेशन स्माइल टीम ने उन्हें प्यार से समझाकर काउंसलिंग की। बाद में बच्चों को सुरक्षित रूप से ज्वालापुर स्थित बाल गृह में दाखिल कराया गया। पुनः काउंसलिंग के बाद बच्चों ने अपना नाम-पता बताया और जानकारी दी कि वे कक्षा 6 के छात्र हैं तथा घूमने के उद्देश्य से हरिद्वार आए थे।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि बच्चों के परिजनों से संपर्क करने पर पता चला कि गुरुग्राम में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई जा चुकी थी। सूचना मिलते ही परिजन हरिद्वार पहुंचे, जिसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर बच्चों को उनके सुपुर्द कर दिया गया। बच्चों को सकुशल पाकर परिजन भावुक हो उठे और हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया।

पुलिस के अनुसार, तीनों छात्र स्कूल की छुट्टी के बाद करीब दो बजे रेलवे स्टेशन पहुंचे और हरिद्वार आने वाली ट्रेन में सवार हो गए थे। जनपद में चल रहे ऑपरेशन स्माइल अभियान के तहत पुलिस टीमें रेलवे स्टेशन, हर की पैड़ी और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लगातार निगरानी कर रही हैं।

एसएसपी ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई नाबालिग बच्चा बिना अभिभावक के संदिग्ध अवस्था में दिखाई दे, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उन्हें सुरक्षित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *