उत्तराखंड के काशीपुर स्थित राधेहरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय से परीक्षा में नकल का मामला सामने आया है। बीकॉम द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा में तीन छात्र और एक छात्रा नकल करते हुए पकड़े गए हैं। आंतरिक सचल दल की सतर्कता से यह कार्रवाई की गई है।
गौरतलब है कि महाविद्यालय में 13 मई से बीए, बीएससी, बीकॉम के द्वितीय, चतुर्थ और छठे सेमेस्टर की परीक्षाएं चल रही हैं। इसके साथ ही एमए, एमएससी और एमकॉम के भी उच्च सेमेस्टर के एग्ज़ाम आयोजित किए जा रहे हैं।
शुक्रवार को प्रथम पाली में बीकॉम द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा आयोजित की गई थी। इसी दौरान महाविद्यालय के आंतरिक सचल दल — डॉ. महिपाल सिंह, डॉ. भानु प्रताप गौतम, डॉ. रूपा आर्य और डॉ. रजनी शर्मा ने परीक्षा कक्षों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दल ने तीन छात्र और एक छात्रा को नकल करते रंगे हाथों पकड़ लिया। टीम ने तत्काल इन सभी की उत्तर पुस्तिकाएं जब्त कर सील कीं और उन्हें कुंमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल भेज दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, इसी सत्र में आंतरिक सचल दल पहले भी करीब नौ छात्र-छात्राओं को नकल करते हुए पकड़ चुका है। कॉलेज प्रशासन लगातार नकल पर सख्ती बरत रहा है। कॉलेज प्रशासन की इस कार्रवाई से छात्रों को यह स्पष्ट संकेत मिला है कि परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने वालों पर अब कोई रियायत नहीं बरती जाएगी। वहीं, विश्वविद्यालय की ओर से इन मामलों पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



